एमसीडी में भ्रष्टाचार के खिलाफ आप की वार्डों में पदयात्रा कल से

 एमसीडी में भ्रष्टाचार के खिलाफ आप की वार्डों में पदयात्रा कल से



(न्यूज़)।आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी पर घोटाले का आरोप मढ़ा है। इसे लेकर पार्टी ने जन आंदोलन करने का निर्णय लिया है। 22 दिसंबर से आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता सभी 272 वार्डों में पदयात्रा निकालेंगे। दिल्ली वालों को बताएंगे कि भाजपा शासित एमसीडी ने 2500 करोड़ रुपए का घोटाला किया है। आप कार्यकर्ता दिल्ली के सभी वार्डों में जनसंपर्क कर एमसीडी में किए गए भाजपा के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करेंगे। वहीं आप ने द्वारका एरिया में एक अवैध चप्पल फैक्ट्री में आग लगने से दो मासूम बच्चों की मौत पर भाजपा नेताओं को घेरा है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने कहा है कि भाजपा जब एमसीडी में कोई घोटाला नहीं होने का दावा कर रही है, तो उसे सीबीआई जांच से डर क्यों लग रहा है? विधायक विनय मिश्रा ने द्वारका एरिया में एक अवैध चप्पल फैक्ट्री मामले में कहा कि भाजपा नेताओं के सह पर अवैध फैक्ट्री व निर्माण चल रहा था। कई जगहों पर रोजाना हादसे हो रहे हैं। दुर्गेश पाठक ने कहा कि आप इस अग्निकांड मामले में स्थानीय पुलिस से शिकायत कर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी।

पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में आप नेताओं ने यह भी कहा कि एमसीडी के अंदर ढाई हजार करोड रुपए का घोटाला किया है। यह ढाई हजार करोड़ रुपये जनता के पैसे थे। एमसीडी के बजट से इस भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ हुआ है।  एमसीडी की वजह से दिल्ली में अवैध फैक्ट्री का बोलबाला हो गया है। अवैध फैक्ट्रियों की जांच होनी चाहिए ताकि हादसे में दर्दनाक मौत का खेल खत्म हो सके। उधर, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने इस पूरे मामले को बेबुनियाद बताया है। कहा है कि मुख्यमंत्री के सह पर आप नेता दुष्प्रचार कर रहे है। संवैधानिक निकाय के प्रति सम्मान नहीं है। उन्हें पता है कि एमसीडी में भ्रष्टाचार नहीं हुआ है, यही वजह है कि सीबीआई से जांच के आदेश देने से बच रही है। 

टिप्पणियाँ