मायापुरी में मास्क बनाने वाली फैक्टरी में लगी आग, एक व्यक्ति की मौत
(न्यूज़)।दिल्ली के मायापुरी में शनिवार सुबह एक मास्क फैक्टरी में आग लग गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य को बचा लिया गया है।
दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी इलाके में एक मास्क बनाने के कारखाने में आग लगने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि विभाग को आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:50 बजे मिली। जिसके बाद छह दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा कि दमकल अधिकारियों ने कारखाने का दरवाजा तोड़ दिया और तीन लोगों को रेस्क्यू किया, जिनमें से एक बेहोश था। उन्होंने बताया कि बेहोश व्यक्ति को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जुगल किशोर के रूप में की गई है। गर्ग ने बताया कि आग फैक्टरी की तीसरी मंजिल पर लगी थी। जहां मशीनें और कच्चा माल रखा हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि बचाए गए दो लोगों की पहचान अमन अंसारी और फिरोज अंसारी के रूप में की गई है।