विशेष कवर एवं विशेष विरूपण जारी किये जाने पर कार्यक्रम आयोजित
फतेहपुर ।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में नारी सशक्तिकरण के साथ, नारी सुरक्षा, सम्मान एवं महिलाओं को उनका अधिकार दिलाये जाने के लिए संचालित मिशन शक्ति 3.0 अभियान के तहत एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत बेड सीट, चादर,उत्पादों के लिए भारतीय डाक विभाग द्वारा विशेष कवर एवं विशेष विरूपण जारी किये जाने पर कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन सभागार फतेहपुर में किया गया।
कार्यक्रम में ओडीओपी योजना के तहत मुख्यमंत्री द्वारा आयरनफैब्रिकेशन/बेड सीट उत्पादों को बढ़ावा देने एवं प्रोत्साहित करने के लिए भारतीय डाक विभाग के द्वारा जारी किये गये विशेष कवर एवं विशेष विरूपण (डाक टिकट) का भी अनावरण/विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में बिन्दकी विधायक करण सिंह पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाये जा रहे मिशन शक्ति 3.0 अभियान के अन्तर्गत महिलाओं को सशक्त बनाये जाने एवं उनकी सुरक्षा के लिए कार्यक्रमों का आयोजन कर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। मुख्यमंत्री द्वारा भारतीय डाक विभाग के माध्यम से एक डाक टिकट एवं बुकलेट का विमोचन किया गया है। जिसके माध्यम से आयरन फैब्रिकेशन/ बेड सीट, के उत्पादित उत्पादों को देश-विदेशों में डाक विभाग के माध्यम से सरलता से पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि उपस्थित महिलाओं, बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार कर अंतिम पायदान के व्यक्ति को सशक्त बनाने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है।सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं/कार्यक्रमों के बारे में अवगत होकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठायें।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं तथा बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वावलंबी बनाना, उनके प्रति हिंसा करने वाले लोगों की पहचान करने के साथ ही सुरक्षित परिवेश की अनुभूति कराना है। अभियान के अन्तर्गत महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित करने एवं महिला समानता, सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति होने वाली घटनाओं को रोकने एवं सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला के साथ उनके कार्यस्थल या बाहर किसी प्रकार से छेड़छाड होने या उत्पीड़न किये जाने के अपराध घटित होते हैं तो तत्काल महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112 पर कॉल करने पर पुलिस द्वारा तत्काल उनके पास पहुंचकर त्वरित सहायता प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाये जाने एवं उनकी सुरक्षा हेतु चलायी जा रही विभिन्न महत्त्वपूर्ण योजना/कार्यक्रमों से जागरूक होकर उसका लाभ उठायें। इसके साथ ही अपने आस-पास की महिलाओं को भी जागरूक करें। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनायें यथा-मातृत्व शिशु कल्याण योजना, जननी सुरक्षा योजना, कन्या सुमंगला योजना, रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष, निराश्रित महिला पेंशन, वृदावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कोविड में अपने अभिभावकों को खोने वाले बच्चों के भरण पोषण के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना आदि योजनाओं के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं का लाभ उठायें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बालिकाओं के जन्म से लेकर विवाह योग्य होने तक कई योजनायें संचालित की गई है जिसका लाभ पात्रों को दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में सदर विधायक प्रातिनिधि सुशील तिवारी(बच्चा), जिला महिला मोर्चा भाजपा अध्यक्ष श्रीमती ज्योति प्रवीण, जिला महिला मोर्चा भाजपा श्रीमती सुनिधि तिवारी, डॉ0 माधुरी साहू, उपायुक्त उद्योग अजनीश कुमार सिंह,सहित संबंधित अधिकारी एवं महिलायें, बालिकायें उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन कमलेश योगी द्वारा किया गया।