उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारी की तेज, पोलिंग बूथों की संख्या फाइनल
न्यूज़।उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए 1500 मतदाताओं के स्थान पर अब 1200 मतदाताओं की संख्या पर एक पोलिंग बूथ बनाया गया है। इस कारण प्रदेश में नौ हजार, 879 पोलिंग बूथ बढ़ गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में कुल एक लाख, 74 हजार, 351 पोलिंग बूथ बनाने को हरी झंडी दे दी है। मतदान केंद्रों की संख्या भी 91 हजार, 572 के स्थान पर 92 हजार, 882 हो गई है।उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के साथ बैठक में बताया कि एक नवंबर से मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू हो रहा है। इस दौरान सात, 13, 21 व 28 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। पहले 14 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाना था किंतु उस दिन बड़ी प्रतियोगी परीक्षा होने के कारण अब उसे एक दिन पहले यानी 13 अक्टूबर कर दिया गया है। उन्होंने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति का भी अनुरोध किया है ताकि यह बीएलओ के साथ मिलकर मतदाता सूची बनाने में सहयोग प्रदान करें।