खेत में विधवा महिला से मारपीट कर दुष्कर्म
फतेहपुर। खेत गई एक विधवा से गांव के एक युवक ने मारपीट कर दुष्कर्म किया। घटना के बाद गला दबाकर मारने का प्रयास किया। महिला को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विधवा ने आरोप लगाया कि बुधवार की सुबह 5 बजे वह खेत गई थी। तभी वहां पहले से मौजूद गांव के एक युवक ने उसे पीछे से पकड़ लिया। विरोध करने पर ईंट से प्रहार कर दिया। उसके बाद युवक ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवक ने गला दबाकर मारने का प्रयास किया। वह मौके पर बेहोश हो गई। सुबह जब अन्य महिलाएं खेत की ओर गई तो महिला खेतों में पड़ी मिली। जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हसवा चौकी इंचार्ज मुकेश सिंह ने अस्पताल पहुंच पीड़िता से तहरीर दी। थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि महिला ने तहरीर दी है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
वाहन की टक्कर से अधेड़ महिला की मौत
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड कर्बला के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से लगभग 50 वर्षीय एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं परिजन पोस्टमार्टम न कराने के उद्देश्य से शव को घर वापस ले गए।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के चुरियानी गांव निवासी शेर मोहम्मद की पत्नी सईदुन मंगलवार को दिन में अपनी रिश्तेदारी आई थी। बताते हैं कि जब वह गांव जाने के लिए कर्बला के समीप सड़क पार करने लगी उसी बीच तेज रफ्तार आ रहा अज्ञात वाहन उसे टक्कर मारता हुआ निकल गया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आस-पास के लोगांे ने तत्काल महिला को सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर परिजन शव को लेकर वापस गांव चले गए।
सर्पदंश से युवक की मौत
फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जुनैदपुर में मंगलवार की शाम खेत से घर वापस आ रहे 19 वर्षीय युवक को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे। तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार जुनैदपुर गांव निवासी गिरधारी का पुत्र रंजीत मंगलवार की शाम लगभग साढ़े पांच बजे खेत से घर वापस आ रहा था। इसी बीच सर्प ने उसे डस लिया। परिजनों को इस बात की जानकारी हुई तो तत्काल उसे निजी वाहन से उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे, तभी उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
सड़क हादसे में युवती की मौत
फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दंडवा के समीप मंगलवार की शाम अज्ञात वाहन की टक्कर लग जाने से 20 वर्षीय युवती बुरी तरह घायल हो गई। उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे तभी उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार दंडवा गांव निवासी रामू प्रसाद रैदास की पत्नी काजल मंगलवार की शाम सामान खरीदने जा रही थी। जब वह सड़क पार करने लगी इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल ला रही थी इसी दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
महिला समेत दो को सर्प ने डसा
फतेहपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत महिला समेत दो लोगों को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पुरूषोत्तमपुर गांव निवासी विजय की 28 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी शौचक्रिया कर घर वापस आ रही थी। तभी उसे सर्प ने डस लिया। उधर असोथर कस्बा निवासी राजकुमार का 40 वर्षीय पुत्र राजेश खेत जानवरों के लिए चारा काटने गया था। तभी सर्प ने उसे डस लिया। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने दोनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां पुष्पा की हालत गंभीर बनी हुई है।
बाइक की टक्कर से महिला घायल
फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रिठवां के समीप मंगलवार की शाम जंगल से घर वापस आ रही 45 वर्षीय महिला को बाइक सवार ने टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गई। जानकारी के अनुसार रिठवां गांव निवासी राम प्रकाश की पत्नी सतरूपा मंगलवार की शाम खेत से घर वापस आ रही थी। जब वह सड़क पार करने लगी उसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिससे वह घायल हो गई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।