साक्षर प्रधान-गाॅव की शान, डीएम अनुराग पटेल के निर्देशन में चलाया जा रहा अभियान,
आगामी 31 अक्टूबर, 2022 तक ग्राम प्रधानो को साक्षर कराते हुए प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश
बांदा - जिलाधिकारी अनुराग पटेल की अध्यक्षता में कलेक्टेट सभागार में साक्षर प्रधान-गाॅव की शान अभियान के अन्तर्गत ग्राम प्रधानों को साक्षर किये जाने के सम्बन्ध में नोडल अधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विगत 01 दिसम्बर, 2021 में द्वारा प्रारम्भ किये गये अभियान के अन्तर्गत 58 निरक्षर ग्राम प्रधानों को साक्षर बनाने का संकल्प 58 अधिकारियों को सौंपा गया था, जिसमें 52 ग्राम प्रधान महिलायें एवं 5 पुरूष प्रधान साक्षर किये जा रहे हैं, जिनकी दो परीक्षायें हो चुकी हैं। जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देेशित किया कि वह अपने-अपने ग्राम प्रधानों जिन्हें साक्षर करने का दायित्व उन्हें सौंपा गया है, उनको आगामी 31 अक्टूबर, 2022 तक प्रत्येक दशा में साक्षर कराते हुए प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें। उन्होंने एक-एक ग्राम प्रधान को साक्षर बनाये जाने हेतु उनके स्कूल में शिक्षा लेने एवं उन्हें घर में शिक्षित करने हेतु किये जा रहे कार्य की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारियों को निर्देश दिये कि वह समय-समय पर ग्राम प्रधानों को साक्षर कराने हेतु ग्रामों का निरीक्षण कर लें और निरन्तर उनसे मोबाइल पर सम्पर्क रखते हुए उनको साक्षर करने हेतु पढने-लिखने के बारे में जानकारी लेकर मोटीवेशन करते रहें।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रधानों को साक्षर करने के कार्य में लगे हुए अध्यापक, सम्बन्धित अधिकारी एवं उनके परिवार के सदस्य इस कार्य में विशेष रूचि लेकर उनको पूर्ण रूप से साक्षर बनाने हेतु कार्य करें तथा इस माह के अंत तक उनको पूर्ण साक्षर बनायें। उन्होंने बताया कि साक्षर ग्राम प्रधानों सहित इस कार्य में सहयोग करने वाले नोडल अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों को पूर्ण साक्षर होने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के पूर्ण होने के पश्चात निरक्षर बी0डी0सी0 एवं जिला पंचायत सदस्यों को भी साक्षर करने का अभियान चलाया जायेगा।