पंचायत चुनाव में पुलिस का मददगार बनेगा सी-प्लान एप
फतेहपुर।बीते समय में लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सी-प्लान एप की शुरूआत की गई थी। अब इसका पंचायत चुनाव में उपयोग होगा। इसमें गांवों व आसपास के दस-दस लोगों को जोड़ा जाएगा। जुड़े हुए लोग पुलिस के संपर्क में रहेंगे।
सी प्लान एप को कम्युनिटी पुलिसिंग, आमजन से सीधा संवाद करना कानून व्यवस्था बनाए रखना और पुलिस के कार्यों में जनता की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बनाया गया है। तहसील क्षेत्र के 263 गांवो व कस्बे के मोहल्लों को मिलाकर लगभग 2500 लोगों को इस एप से जोड़ा गया है। आम तौर पर चुनाव के दौरान अफवाहों से माहौल खराब होता है। ऐसे में इस बार पंचायत चुनाव में पुलिस ने इस एप को सक्रिय करने का निर्णय लिया है। पुलिस कर्मियों ने गांव-गांव, मुहल्ले-मुहल्ले जाकर संभ्रांत नागरिकों को इस एप से जोड़ने का काम किया गया है। इस एप के माध्यम से एक क्लिक से ही इन लोगों के नाम व नंबर पुलिस कर्मियों के मोबाइल स्क्रीन पर आ जाएंगे। कस्बे व गांवों में किसी अप्रिय घटना के घटित होने या अफवाह फैलाने पर पुलिस संभ्रांत नागरिकों से तत्काल साधती है। जिसके बाद माहौल की सच्चाई का पुलिस को पता चल जाता है। प्रभारी निरीक्षक आर के सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस एप को अपडेट किया जा रहा है।पुलिस कर्मियों के स्मार्ट फोन पर एप डाउनलोड करने के बाद संबंधित थाने का सीयूजी नंबर दर्ज करना होता है। सीयूजी नंबर दर्ज करने के बाद मोबाइल पर ओटीपी आता है। ओटीपी अंकित करते ही एप सक्रिय हो जाता है। पंचायत चुनाव को देखते हुए इस एप को अपडेट किया जा रहा है।