डंफर की चपेट में आकर साइकिल सवार की मौत

 डंफर की चपेट में आकर साइकिल सवार की मौत 



फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास एनएच-2 में सोमवार की देर शाम डंफर की चपेट में आ जाने से लगभग 32 वर्षीय साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। 

जानकारी के अनुसार बकेवर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव निवासी दिनेश यादव का पुत्र योगेंद्र सिंह यादव टाइल्स का काम करता था। बताते हैं कि शहर में किसी काम से आया था और साइकिल से सामान लेने जाते समय जैसे ही वह लखनऊ बाईपास एनएच-2 पर पहुंचा उसी समय विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंफर ने उसे रौंद दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। 


महिला ने फांसी लगा दी जान 


फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बारा में सोमवार की देर शाम मानसिक तनाव के चलते लगभग 30 वर्षीय एक महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। 

जानकारी के अनुसार बारा गांव निवासी धर्मेंद्र उर्फ भूरा कोरी की पत्नी मुर्री देवी पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में थी। सोमवार की देर शाम जब घर के सभी लोग खाना खाकर अपने-अपने कामों में व्यस्त हो गए तभी महिला ने घर के अंदर कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। 


बाइक खंती में गिरने से अधेड़ की मौत 


फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम चखेड़ी के समीप सोमवार की देर रात अनियंत्रित होकर बाइक खंती में गिर गई। जिससे लगभग 53 वर्षीय अधेड़ की घटनास्थल पर मौत हो गई। 

जानकारी के अनुसार थाने के अढ़ेना गांव निवासी राम प्रसाद का पुत्र बाबू सिंह सोमवार की रात मोटरसाइकिल से रिश्तेदारी में गया था। वापस लौटते समय जब वह चखेड़ी मोड़ के समीप पहुंचा तभी अनियंत्रित होकर बाइक खंती में गिर गई। जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। आज सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाबत जानकारी पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भाई इंदल ने दी है। 


सर्पदंश से अधेड़ की मौत


फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेड़ाबाटी में सोमवार की देर रात लघुशंका करने उठे 45 वर्षीय अधेड़ को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल लाते समय रास्ते में मौत हो गई। 

जानकारी के अनुसार मेड़ाबाटी गांव निवासी स्व. मोतीलाल का पुत्र कमलेश कश्यप रात 11 बजे लघुशंका करने के लिए उठा तभी जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो इलाज के लिए अस्पताल ला रहे थे इसी बीच रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। मृतक अपने पीछे पति रंजना, 18 वर्षीय पुत्र शैलेंद्र कुमार व 15 वर्षीय पुत्र छोटू को छोड़ गया है। 


यमुना नदी में डूबकर किशोर की मौत


फतेहपुर। धाता थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर घाट में नहाते समय 12 वर्षीय किशोर यमुना नदी में डूब गया। जिसे एक घंटे बाद रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो गई थी। 

जानकारी के अनुसार कौशाम्बी जनपद के थाना मंझनपुर गांव बंधवा रकबर निवासी दिनेश का पुत्र मंजीश कुमार धाता थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंदिर पूजा करने के लिए आया था। बताते हैं कि गांव के समीप सैदपुर घाट नहाने चला गया तभी अचानक वह यमुना में डूब गया। आस-पास के लोगों ने कड़ी मशक्कत करके एक घंटे बाद शव को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। उधर जब इसकी जानकारी किशोर के परिजनों को हुई तो उनके बीच कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।


युवक ने खाया जहरीला पदार्थ 


फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रघुबर का डेरा में पत्नी से लड़ने के बाद 27 वर्षीय एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार रघुबर का डेरा गांव निवासी गणेश का पुत्र सूर्य प्रकाश का अपनी पत्नी ने किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिस पर उसने जान देने के इरादे से जहर खा लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे तत्काल सरकारी एंबुलेंस द्वारा उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।


महिला को सर्प ने डसा, भर्ती 


फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जोनिहां में घरेलू काम कर रही 32 वर्षीय महिला को जहरीले सर्प ने डस लिया, जिसे उपचार के लिए बिंदकी सीएचसी लाया गया जहां इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। 

जानकारी के अनुसार जोनिहां गांव निवासी राशिद की पत्नी अफसाना सोमवार की शाम घरेलू काम कर रही थी। तभी अचानक जहरीले सर्प ने उसे डस लिया इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो उसे तत्काल बिंदकी सीएचसी ले गए जहां चिकित्सकीय उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिस पर परिजन महिला को लेकर सदर अस्पताल लाए। जहां इलाज कर रहे चिकित्सक ने उसकी हालत में सुधार बताया है। 


बाइक से गिरकर युवक घायल 


फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नरैचा के समीप मंगलवार की सुबह अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से लगभग 28 वर्षीय एक युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार रनैचा गांव निवासी रामसजीवन का पुत्र दिनेश कुमार आज सुबह बाइक से घरेलू काम से जा रहा था। जैसे ही वह गांव से कुछ दूर पहुंचा तभी अचानक अनियंत्रित होकर बाइक गिर गई जिससे वह घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची एंबुलंेस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

टिप्पणियाँ