चार सप्ताह में नामित हो जायेगा भाजपा का नया जिला अध्यक्ष…!
मौजूदा व पूर्व अध्यक्षों को नहीं मिलेगी पुनः जिम्मेदारी
ब्राह्मण समाज को पुनः तरजीह मिलने की सम्भावना बलवती
पंकज त्रिपाठी, अवधेश मिश्रा व प्रदीप बाजपेयी समेत आधा दर्जन कतार में
दावेदारों में पूर्व विधायक विक्रम सिंह व डा0 देवाशीष पटेल भी
फतेहपुर। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी इस बार जिलों में मौजूदा अध्यक्षों को रिपीट नहीं करेगी! स्थानीय निकाय और 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिलों में संगठनात्मक ढाँचा और दुरुस्त व मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला संगठन के मौजूदा और पूर्व अध्यक्षों को पुनः जिले की बागडोर न सौंपने का मन बनाया है! सूत्रों की मानें तो इस मद में प्रदेश नेतृत्व काफी गंभीर है और अगले 04 सप्ताह के दरम्यान नये जिलाध्यक्ष की घोषणा तय होना माना जा रहा है।
ज्ञातव्य रहे कि इस जनपद में भी भाजपा का नेतृत्व परिवर्तन होना है। मौजूदा समय में आशीष मिश्रा जिला अध्यक्ष है। पार्टी की ताजा योजना से मौजूदा के साथ-साथ कई पूर्व जिला अध्यक्षों को झटका लगना तय है। फतेहपुर में नब्बे फीसदी सम्भावना फिर एक बार किसी ब्राह्मण के सिर अध्यक्षी का ताज सजने की सम्भावनाएँ बलवती हैं। इस बिरादरी से प्रमुखतः पंकज त्रिपाठी, प्रदीप बाजपेयी, अवधेश मिश्रा, अर्चना त्रिपाठी व पंकज त्रिवेदी दावेदार हैं, जिनके नामों पर मंथन चलने की खबर है।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों की मानें तो पूर्व सदर विधायक विक्रम सिंह भी जिला अध्यक्षी की लाइन में बताये जाते हैं। बताते हैं कि पूर्व विधान सभा चुनाव में क्षत्रिय बिरादरी के दोनों प्रत्याशियों की पराजय के बाद इस बिरादरी ने पार्टी की जिला स्तरीय राजनीति में अपनी मौजूदगी का अहसास कराते रहने के उद्देश्य से अध्यक्षी का दावा किया जा रहा है।इसी तरह पिछड़ें वर्ग ने भी अपरोक्ष रूप से दावा ठोका है। पिछड़ें वर्ग से दावेदार तो कई बताए जाते हैं किन्तु अगर इस वर्ग का दावा स्वीकार हुआ तो वरिष्ठ नेता डा. देवाशीष चैधरी (पटेल) के नाम पर मुहर लग सकती है।
कुल मिलाकर अधिकतम चार सप्ताह (सितम्बर के अंतिम या अक्टूबर के प्रथम सप्ताह) में जिले में भाजपा का नया अध्यक्ष नामित होना तय है।