करंट की चपेट में आकर मजदूर की मौत
फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहबाजपुर में शुक्रवार की सुबह मजदूरी कर रहे 36 वर्षीय मजदूर की करंट की चपेट में आ जाने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी कामता प्रसाद का पुत्र राकेश कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। आज सुबह वह शहबजापुर गांव निवासी शोभित पटेल के घर में फर्श में मजदूरी करते समय अचानक ऊपर टीन की चादर में उतर रहे करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी सुमन देवी, आठ वर्ष का पुत्र अंकित व पांच वर्ष की पुत्री अंकिता को छोड़ गया है।
सर्पदंश से वृद्ध की मौत
फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तेंदुली में गुरूवार की रात घर में सो रहे 70 वर्षीय वृद्ध को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिसे उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार तेंदुली गांव निवासी भग्गू लोधी का पुत्र जवाहर लाल बीती रात अपने घर में सो रहा था। तभी जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो पहले उसे छाड़ फूंक के लिए ले गये। कई घंटे बाद कामयाबी न मिलने पर उसे सीएचसी लाए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के मवईया मोड़ भिटौरा रोड पर देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से लगभग 25 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। वहीं साथी घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के कासिमपुर बीबीहाट गांव निवासी जगरूप का 25 वर्षीय पुत्र विक्रम अपने साथी संतलाल पुत्र राम सजीवन 26 वर्ष के साथ गुरूवार की दोपहर मूर्ति विसर्जन के लिए भिटौरा गया था। देर शाम लौटते समय जैसे ही यह लोग कोतवाली क्षेत्र के मवइया भिटौरा रोड पर पहुंचे तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से विक्रम की घटनास्थल पर मौत हो गई वहीं सतलाल बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलंेस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
ई-रिक्शा पलटने से महिला जख्मी
फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जमरावां के समीप शुक्रवार की दोपहर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पलट जाने से 40 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार थाने के लोहारी गांव निवासी अशोक कुमार की पत्नी ऊषा देवी आज दोपहर ई-रिक्शा में बैठकर रिश्तेदारी में जा रही थी। जैसे ही जमरावां के समीप ई-रिक्शा पहुंचा तभी अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे महिला बुरी तरह घायल हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलंेस ने घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुयी है।
अनियंत्रित बाइक गिरने से युवक घायल
फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-2 में शुक्रवार की दोपहर अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से 45 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार थाने के बहती गांव निवासी राम बहादुर का पुत्र गोविंद आज दोपहर बाइक से शहर आ रहा था। जैसे ही वह एनएच-2 में पहुंचा तभी अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से बुरी तरह घायल हो गया। एंबुलेंस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।