राजस्थान के 5 शहरों में तापमान माइनस में, MP में आज शीतलहर के आसार; पहाड़ों पर बर्फबारी जारी
नईदिल्ली।जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाके घने काेहरे की चपेट में हैं। इन राज्यों में अगले 5 दिन यही हाल रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक देश के उत्तर- पश्चिमी इलाकों गुरुवार तक मिनिमम टेम्परेचर 3-5 डिग्री गिर सकता है। उधर, कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हो रही है। हिमाचल में सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जमी है, इसके चलते 330 सड़कें बंद हैं।
राजस्थान के 5 शहरों में टेम्परेचर माइनस में पहुंचा
राजस्थान में ठंड तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को प्रदेश के 5 शहरों में तापमान माइनस में चला गया। इस सीजन में पहली बार ऐसा हुआ है। माउंट आबू में सीजन का सबसे कम टेम्परेचर माइनस (-) 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। फतेहपुर में माइनस 3.2, जाेबनेर में माइनस 1.8, सीकर में माइनस 0.5 और चूरू में माइनस 0.4 डिग्री टेम्परेचर रहा। इनके अलावा 12 शहर ऐसे हैं, जहां टेम्परेचर 5 डिग्री से कम है। 7 शहरों में टेम्परेचर 1 डिग्री से नीचे पहुंच गया।राजधानी जयपुर में भी सीजन की सबसे सर्द रात रही और पारा पहली बार 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। 6 शहरों को छोड़ सभी जगह तापमान पांच डिग्री से नीचे रिकाॅर्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक अभी पारा और गिरेगा।
हिमाचल में बर्फबारी जारी, 2 दिन शीतलहर चलेगी
बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में है। 7 शहरों का मिनिमम टेम्परेचर जमाव बिंदु और उससे नीचे चला गया है। नाहन काे छाेड़ सभी शहराें का मिनिमम टेम्परेचर एक और दाे डिग्री के करीब है। साेलन और भुंतर की रातें शिमला से भी ज्यादा ठंडी हो गई हैं। यहां पारा माइनस एक डिग्री रिकाॅर्ड किया गया है। माैसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के मैदानी इलाकों में गुरुवार तक शीतलहर चलेगी।अगले पांच दिनाें तक सभी जगह माैसम खराब रहने का अनुमान है।
मध्यप्रदेश के 17 जिलों में पारा 8 से नीचे, भोपाल में 7.8
शीतलहर का असर मध्य प्रदेश में दिख रहा है। प्रदेश के 70% इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भाेपाल समेत 17 जिलाें में रात का तापमान 8 डिग्री से नीचे पहुंच गया। राजधानी में मंगलवार काे दिन का तापमान भी सामान्य से 6 डिग्री नीचे 19.3 डिग्री पर पहुंच गया। यह काेल्ड-डे रहा। उज्जैन समेत 5 अन्य जिलाें में भी काेल्ड-डे रहा। इंदाैर और धार में सीवियर काेल्ड-डे रहा। भाेपाल में रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री नीचे 7.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश भर में रात का सबसे कम तापमान 3.2 डिग्री दतिया में दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में आज शीतलहर के आसार
बुधवार काे भाेपाल, ग्वालियर-चंबल संभागाें, उज्जैन, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, शाजापुर, रतलाम, नीमच, मंदसाैर, राजगढ़, सीहाेर, रायसेन, इंदाैर और धार जिलाें में शीतलहर चलने का अनुमान है।