नए जिलाध्यक्ष के नियुक्त होने पर देश बचाओ पार्टी की बैठक हुई संपन्न।
लोगो में पकड़ मजबूत करेगी देश बचाओ पार्टी - महेंद्र
किसानों व मजदूरों की समस्याओं को लेकर लड़ेंगे चुनाव - महेंद्र
जाफरगंज/फतेहपुर।जनपद क्षेत्र के बिंदकी विधानसभा के कटिलिहा गांव में देश बचाओ पार्टी के द्वारा एक चौपाल का आयोजन किया गया। बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव महेंद्र केवट का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चारण के साथ शुरू किया गया। साथ ही देश बचाओ पार्टी के नवनियुक्त फतेहपुर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह को मनोनयन पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव महेंद्र केवट ने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि देश बचाओ पार्टी देश व राज्य में बढ़ रहे भ्रष्टाचार व सांप्रदायिकता को खत्म करने के उद्देश्य से राजनीति का रुख कर रही है। देश में दो समुदायों को लड़ा कर व अराजकता फैला कर राजनीति करने वाले लोगों से देश को बचाने का काम देश बचाओ पार्टी के द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में भी जनता की परेशानियां कम नहीं हुई है। जनता को वर्तमान सरकार से जो उम्मीदें थी वह जनता तक नहीं पहुंच पा रही है।
जनता के संबोधन में उन्होंने बताया कि देश बचाओ पार्टी सरकारी योजनाओं को गरीब तबके के सबसे पिछड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करेगी। साथ ही समाज में उन्हें भी ससम्मान जीवन बिताने की स्वतंत्रता व गरीब बच्चों को निशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य व न्याय प्रदान करवाने के उद्देश्य से काम करेगी।
उनके द्वारा किसानों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार की तरफ ध्यान केंद्रित करते हुए बताया गया है कि वर्तमान में किसानों की हालत बदतर हो गई है, उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। देश बचाओ पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनको सम्मान दिलाने का काम करेगी। देश बचाओ पार्टी गरीब,मजदूर,किसानों के हक के लिए सरकार से लड़कर उन्हें न्याय दिलाएगी।
इस मौके पर महेंद्र केवट, जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, पप्पू यादव, संजय दुबे, रामजीवन, रामनारायण, राजकुमार सेंगर, रामकिशोर सोनकर, दुर्ग विजय सिंह, मानसिंह भदोरिया, मनीलाल यादव आदि लोग मौजूद रहे।