निर्भया फंड से मिली राशि का पांच फीसदी ही खर्च कर सकी दिल्ली सरकार: कांग्रेस
दिल्ली।महिला उत्पीड़न विरोध दिवस के मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंतर मंतर पर धरना दिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि निर्भया मामले के सहारे सत्ता हासिल की लेकिन केजरीवाल सरकार, निर्भया फंड की सिर्फ 5 प्रतिशत राशि ही खर्च सकी है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सृजित निर्भया फंड से आवंटित 390 करोड़ रुपये में से केवल 19 करोड़ रुपये ही खर्च किये जा सके।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं और दलितों पर आपराधिक हमले बढ़ने से उनका जीना दूभर हो गया। बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ के नारे लगाए जा रहे हैं, लेकिन हाथरस कांड के आरोपियों पर कार्रवाई की बजाय उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने पीड़ित परिवार को ही प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर दुनिया का ध्यान उस वक्त गया, जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसके बावजूद दोनों ने परिवार की लड़ाई में उन्हें पूरा समर्थन देने का भरोसा दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार भी महिलाओं के खिलाफ बढ़ते हमलों और दुष्कर्म के मामलों को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 1,176 दुष्कर्म के मामले 15 जुलाई, 2020 तक दर्ज हुए। इससे साफ हो जाता है कि सरकार ऐेसे मामलों को रोकने के लिए कितनी संवेदनशील है।