प्रदेश में स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती से शुभारम्भ किया
बांदा संवाददाता।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक परिषदीय विद्यालय में वृहद स्तर पर ’स्कूल चलो अभियान’ संचालित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस महा अभियान का आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा श्रावस्ती से शुभारम्भ किया गया।
जनपद बांदा के सभी 1725 परिषदीय विद्यालयों में बच्चों व शिक्षकों द्वारा स्कूल चलो कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।
मुख्य अतिथि जलशक्ति राज्यमंत्री उ.प्र. रामकेश निषाद ने कहा कि हमारी उ.प्र. सरकार के यशस्वी मुुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की प्रेरणा से पूरे प्रदेश में स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ आज प्रदेश के पिछडे जिले श्रावस्ती से किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विद्यालयों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है ताकि गाॅव में भी शिक्षा के स्तर पर सुधार हो सके और हर तबके का बच्चा शिक्षित होकर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करे। उन्होंने कहा कि उ0प्र0 सरकार ने यह चिंता करते हुए विद्यालयों का आधुनिकीकरण कराने के उद्देश्य से सब पढें, सब बढें की थीम के तहत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से आग्रह किया कि अपने बच्चों को नजदीकी शिक्षण संस्थान में दाखिला करवाने का कार्य अवश्य करें। इस अभियान में सभी को एकजुट होकर अपने-अपने बच्चों का दाखिला करवाकर शिक्षा क्षेत्र में विकास पथ की ओर अग्रसर हों।
विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल चलो अभियान की इस मुहिम में हम लोंगो को संकल्प लेना है कि कोई बच्चा छूटने न पाये। हमारी भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रिय सरकार ने हर क्षेत्र में शिक्षा को मजबूत करने का प्रयास किया है। सरकार की मंशा है कि कोई बच्चा छूटने न पाये।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल ने कहा कहा कि आज उ0प्र0 सरकार के यशस्वी मुख्यमंत्री महराज द्वारा गतवर्ष की भांति 2022-23 में स्कूल चलो अभियान कार्यकम का श्रावस्ती से शुभारम्भ किया गया है। उन्होंने शिक्षा विभाग से आग्रह किया कि ये बच्चे देश के भविष्य एवं नीव के पत्थर हैं। कहते हैं कि जब घर की नीव मजबूत होती है तो चाहे कितना बडा माकान बनाकर कर तैयार कर लें। आज हमारा भारत इन्ही बच्चों के माध्यम से विश्वगुरू बनने की ओर अग्रसर है। अध्यक्ष जी ने आग्रह किया कि हमें भी कार्य करने का मौका दिया जाए, जिला पंचायत हमेशा अग्रसर रहेगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने बच्चों को ’स्कूल चलो अभियान’ से जोड़ें तथा इस अभियान में शतप्रतिशत बच्चों का नामांकन कराएं। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षा के न तो गांव विकसित होगा और न ही शहर और न ही देश का विकास सम्भव है। उन्होंने कहा कि शतप्रतिशत बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराएं। इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नही की जायेगी। उन्होंने कहा कि आज जनपद के 1725 परिषदीय/कम्पोजिट विद्यालयों में यह कार्यक्र्रम भव्यता के साथ किया गया है और प्रशासन, पोषण, पाठन अभियान के 101 अधिकारियों के द्वारा गोद लिए गये 202 स्कूलों में कार्यक्रम को सफल बनाया गया तथा प्रभात फेरी निकालकर जनसामान्य को स्कूल चलो अभियान के तहत प्रेरित किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश हैं कि जनपद के समस्त जनप्रतिनिधियों को एक-एक विद्यालय गोद दिया जायेगा और आपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों को माॅडल बनाने का काम किया जायेेगा।