रियान पराग के विवादित रन आउट के बाद अश्विन ने मांगी थी माफी, पराग बोले- उन्हें रन भागना चाहिए था
न्यूज़।आईपीएल 2022 में रियान पराग ने बल्ले के साथ बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था, लेकिन विवादों के चलते वो काफी सुर्खियों में रहे थे। हर्षल पटेल के साथ उनकी कहा-सुनी हो या अश्विन के साथ रन आउट का मामला। रियान पराग ने इन विवादों के चलते जमकर सुर्खियां बटोरी थीं और उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया था। अब रियान पराग ने खुलासा किया है कि अश्विन ने उनके रन आउट के बाद उनसे माफी भी मांगी थी। युवा पराग अभी भी आईपीएल के सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जबकि अश्विन भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं। इसके बावजूद अश्विन ने पराग से माफी मांगी थी।
रियान पराग ने रूटर के लिए गेमिंग स्ट्रीम के दौरान कहा कि अश्विन ने उनसे माफी मांगी थी और स्वीकार किया था कि आखिरी गेंद में रन भागने का उनका फैसला सही था। इसके बाद पराग ने कहा कि अश्विन को अतिरिक्त रन भागना चाहिए था, क्योंकि वो किसी पुछल्ले बल्लेबाज के साथ नहीं खेल रहे थे। गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के मैच में अश्विन आखिरी गेंद पर स्ट्राइक में थे और रियान पराग दूसरे छोर पर खड़े थे। ऐसे में गेंदबाज यश दयाल ने वाइड गेंद डाल दी और रियान पराग अतिरिक्त रन लेने के चक्कर में दूसरे छोर पर पहुंच गए। वहीं, अश्विन अपनी क्रीज से हिले भी नहीं। ऐसे में रियान पराग को रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा और वो अश्विन को घूरते हुए मैदान से बाहर गए थे।
इस घटना के बाद रियान पराग को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया था। फैंस का कहना था कि युवा पराग को अश्विन जैसे सीनियर खिलाड़ी के साथ सलीके से पेश आना चाहिए था। अब इस मामले पर रियान पराग ने पूरा खुलासा किया है।