गर्भवती पत्नी के पेट में पति ने मारी लात, मौत
अंडा बनाने से मना करने पर झल्लाए पति ने घटना को दिया अंजाम
फतेहपुर। अपनी ससुराल आए पति ने पत्नी से अंडा बनाने की बात कही। मना कर देने पर क्रोध में आए पति ने पत्नी के पेट में लात मार दिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल लाया गया। जहां से उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। जिसकी रास्ते में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बकेवर थाना क्षेत्र के पधारा गांव निवासी संजय कुमार की 30 वर्षीय पत्नी शकुंतला देवी नौ माह के गर्भ से थी और अपने मायके इसी थाने के दिलावरपुर में रह रही थी। बताते हैं कि रविवार की शाम पति अपनी ससुराल पहुंचा और पत्नी से अंडा बनाने की बात कही। जिस पर महिला ने अपनी पीड़ा बताई। जिस पर क्रोध में आकर पति ने उसके पेट में लात मार दिया और वहां से चला गया। कुछ देर बाद शकुन्तला की हालत बिगड़ने लगी जिस पर परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल लाए। हालत ठीक न होने पर चिकित्सक ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर कानपुर पहुंचे। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर गांव वापस आ गए और पुलिस को सूचना दे दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
एसी बस व डंफर की भिड़ंत में एक की मौत, चालक घायल
फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी एनएच-2 में सोमवार की सुबह बस व डंफर की भिड़ंत में जहां एक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं डंफर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार झारखंड प्रांत के थाना गढ़वा गांव पोखरारी निवासी रामबरन का 22 वर्षीय पुत्र मनोज आज सुबह अपने एक दर्जन रिश्तेदारों के साथ प्राइवेट एसी बस से गुजरात जा रहा था। बताते हैं कि आज सुबह लगभग पांच बजे बस जैसे ही कल्यानपुर थाने के ग्राम बड़ौरी एनएच-2 पर पहुंची तभी सामने से आ रहे डंफर से भिड़ंत हो गई। जिससे मनोज की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं डंफर चालक कुंदन पुत्र रामकरन 25 निवासी गांव डुहरू अमौली थाना सजेती गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायल चालक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया। हादसे में अन्य रिश्तेदारों को मामूली खरोंचे आई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
युवती ने फांसी लगाकर दी जान
फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खैरेई में पति से लड़ने के बाद 20 वर्षीय एक युवती ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार खैरेई गांव निवासी जागेश्वर की पत्नी पूजा देवी का रविवार की शाम किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई जिस पर युवती ने घर में उस समय फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली जब परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम कर रहे थे। जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे। तभी सूचना पाकर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
सर्पदंश से महिला की मौत
फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ग्राम सुखई का पुरवा में रविवार की शाम खेत से घर वापस आ रही 48 वर्षीय एक महिला को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सुखई का पुरवा गांव निवासी अमर सिंह की पत्नी सुमन देवी रविवार की शाम खेत से घर वापस आ रही थी। इसी बीच उसे जहरीले सर्प ने डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो उसे तत्काल सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिक्त्सिालय लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
महिला ने आत्महत्या का किया प्रयास
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम बगहा मजरे सरकंडी में सोमवार की सुबह संदिग्ध अवस्था में 26 वर्षीय एक महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक के अनुसार उसकी हालत में सुधार है।
जानकारी के अनुसार थाने के बगहा मजरे सरकंडी गांव निवासी हरिराम की पत्नी सविता ने आज सुबह घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में फांसी लगा ली। इसी बीच वहां मौजूद ससुर की नजर उस पर पड़ गई और तत्काल मौके पर पहुंच बहू को फांसी के फंदे से छुड़ाया और उसे सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इलाज कर रहे चिकित्सक ने उसकी हालत में सुधार बताया है।
महिला को सर्प ने डसा
फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अहिरनखेड़ा में सोमवार की सुबह खेत में काम कर रही 40 वर्षीय महिला को जहरीले सर्प ने डस लिया जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार अहिरनखेड़ा गांव निवासी शिव दुलारी आज सुबह खेतों में काम कर रही थी। इसी बीच उसे जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। उधर परिजन उसे तत्काल सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती करा दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है।