बाइकों की भिड़ंत में वृद्ध की मौत, युवक घायल
फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के देवराजपुर के समीप शुक्रवार की सुबह बाइकों की भिड़ंत में 62 वर्षीय वृद्ध की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए हथगाम सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार हथगाम थाना क्षेत्र के महोलिया गांव निवासी रामधनी का पुत्र कृष्णपाल विश्वकर्मा गांव के ही संगमलाल पुत्र नंदकिशोर रैदास के साथ बाइक से आज सुबह खागा किसी काम से आ रहा था। जैसे ही यह लोग सुल्तानपुर घोष थाने के देवराजपुर गांव के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही बाइक ने दूसरी बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे अनियंत्रित होकर बाइक खंती में गिर गई। जिसके चलते कृष्णपाल की मौके पर मौत हो गई। वहीं संगमलाल घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए हथगाम सीएचसी में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
वृद्ध का शव बरामद
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के उनवा आधारपुर के समीप ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने लगभग 70 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव बरामद कर विच्छेदन गृह भेजा है। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक की पहचान हलीम पुत्र स्व. गप्पू निवासी मसवानी के रूप में करते हुए बताया कि हलीम कल शाम घर से निकल गया था। जिसकी काफी खोज-बीन की लेकिन कोई सुराग न लगा। बताया कि मृतक का मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था।
सड़क हादसे में वृद्ध जख्मी
फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरैचा के समीप शुक्रवार की दोपहर अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 75 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बरैचा गांव निवासी वृद्ध दुर्गा प्रसाद आज दोपहर खेत से पैदल घर वापस आ रहा था। जब वह सड़क पार करने लगा उसी समय विपरीत दिशा से आ रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलंेस ने घायल वृद्ध को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुयी है।