जिले भर में धूमधाम से मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस
जिले भर में धूमधाम से मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस

फतेहपुर।76वां गणतंत्र दिवस जनपद में बड़े हर्षाेल्लास के साथ धूम-धाम से मनाया गया। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में समस्त सरकारी भवनों पर प्रातः 08.30 बजे ध्वजारोहण किया गया। कैम्प कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने ध्वजारोहण कर सलामी दी, इसी क्रम में विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान एवं संविधान के प्रति कर्तव्य निष्ठा और राष्ट्रीय एकता, अखण्डता की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित गांधी मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी, अम्बेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर एवं महात्मा गौतम बुद्ध जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया।
तत्पश्चात कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी  ने उपस्थित अधिकारियो एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी । हमारा देश पूरी दुनिया में आज एक परिपक्व राष्ट्र के रूप में भूमिका निभा रहा है। इस राष्ट्रीय पर्व को पूरा देश मना रहा है। 26 जनवरी 1950 को हमारे देश में संविधान बन कर लागू किया गया था। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस का महत्व स्वतंत्रता दिवस की तरह है, देश के बनाए गए संविधान में उलेखित मौलिक अधिकारो एवं कर्तव्यों को अवश्य पढ़ें और उनके मूल्यों को अपने कार्यों में उतारे और हम सबका उत्तरदायित्व है कि जो भी व्यक्ति समस्या लेकर आता है उसको व्यावहारिक होकर निष्पक्ष होकर नियमानुसार उसकी समस्या का निदान करे। इसी के तहत नीति नियम को बना कर धरातल पर लागू करने का बेस/आधार है संविधान, इसलिए हम गणतंत्र दिवस मनाते है। हमारे देश का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। जिसमें मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के विषय में भी संविधान याद दिलाता है। 
 अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी न्यायिक, वरिष्ठ अपर  कोषाधिकारी आदि ने गणतंत्र दिवस के संबंध में विस्तार से अपने–अपने विचार व्यक्त किए।
पुलिस लाइन में जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर सलामी ली और परेड निरीक्षण किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। 
जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने पदस्थ कार्यों में उत्कृष्ट कार्य करने पर शील्ड, प्रशंसा पत्र आदि देकर सम्मानित किया। 
 जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते कहा कि  आज हम गणतंत्र दिवस के साथ-साथ हमारे संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने का भी उत्सव मना रहे हैं। जब हम आज यहां खड़े हैं. तो यह महत्वपूर्ण है कि   कि हम इस दिन के महत्व और हमारे संविधान द्वारा खिसाए गए मूल्यों पर विचार करें। 26 जनवरी 1950 को, भारत एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य बन गया, और संविधान प्रभाव में आया। डा0 बी.आर. अंबेडकर, जिन्होंने हमारे संविधान को बनाने में बढ़ा योगदान दिया और हजारों अन्य द्रष्टाओं ने निस्वार्थ भाव से यह सुनिश्चित किया कि भारतीय संविधान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के  सिद्धांतों को समाहित करें। गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय अवकाश नहीं है। यह हमारे लोकतंत्र की आत्मा का उत्सव है। यह हमें स्वतंत्रता संग्राम के उन नायकों की याद दिलाता है जिन्होंने ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए वीरता से लडाई लड़ी। उनके बलिदान, वीरता, और समर्पण हमें हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाते हैं कि हम उन मूल्यों को बनाए रखें जिनके लिए उन्होंने संघर्ष किया। इनके अथक प्रयासों से हमें स्वतंत्रता प्राप्त हुई और हमारा देश भारत यशस्वी गणतंत्र राज्य बना। हमारे जनपद का भी भारत को गणतंत्र राज्य बनाने में महत्वपूर्ण योगदान है। आजादी की लड़ाई में फतेहपुर की अग्रणी भूमिका रही है। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अमर शहीद गयादीन दुबे, डिप्टी कलेक्टर हिकमत उल्लाह, अमर शहीद दुनियापति सिंह ने अपनी शहादत दी। 6,मार्च 1858 को ठाकुर दरियाव सिंह के परिवार के 32 लोगों को अंग्रेजी हुकूमत ने फांसी के तख्त पर चढ़ा दिया। 28 अप्रैल 1858 को बिंदकी में अमर शहीद जोधा सिंह अटैया सहित 52 लोगों को इमली के पेड पर फांसी के तख्त पर पढ़ाया गया जिसे आज हम आप "बावन इमली" के नाम से जानते हैं। 
संविधान की एक आधारशिला मौलिक अधिकारों का संरक्षण है। हमारा संविधान हर नागरिक को समानता का अधिकार, भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, शोषण के विरुद्ध अधिकार शिक्षा का अधिकार, और संविधान उपायों का अधिकार को सुनिश्चित करता है। ये अधिकार हमें गरिमा के साथ जीवन जीने की शक्ति प्रदान करता है। इसलिए यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इन अधिकारों का आदर करें और हमारे संविधान में निहित मूल्यों का पालन करें। इस प्रकार संविधान के दिखाए रास्ते पर चलते हुए केन्द्र और राज्य सरकार विकास के साथ-साथ अपनी गौरवशाली संस्कृति, सभ्यता व विरासत को भी संजोए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दुनिया का सबसे बड़ा समागम महाकुंभ प्रयागराज में हो रहा है, इसके लिए भी सरकार ने हर तरह के प्रबंध किए हैं, जिससे अध्यात्म व एकता को बल मिल रहा है। जहां स्नान कर लोग पुण्य कमा रहे हैं, वहीं लाखों लोगों के आजीविका संवर्धन भी हो रहा है और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। आज के परिवेश में जब हम डिजिटल इंडिया की कल्पना को मूर्त रूप दे रहे हैं हमारी जर्थव्यवस्था दुनिया की पाचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और उत्तर प्रदेश भी नित नई ऊंचाइ‌यों को छू रहा है। इस प्रकार से हमारा जनपद भी विकास की दिशा में अग्रसर है। जनपद के नागरिकों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ संबंधित विभागों के माध्यन से मिल रहा है। किसान भाइयों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अब तक 61 करोड़ 57 लाख 74 हजार रुपए की किसान सम्मान निधि दी जा चुकी है। आज हमारे किसान एफपीओ एवं औधानिक खेती के माध्यम से अपनी आय में वृद्धि कर रहे हैं। जनपद के प्रगतिशील किसान भाई केले, हल्दी, फल व सब्जियों की खेती से जुड़कर स्वयं व अन्य किसान भाइयों को मुख्य धारा से जोड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जनपद के 2 लाख 50 हजार 404 लाभार्थियों को निशुल्क गैस सिलेंडर वितरित किया गया एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के तहत जनपद में 4 लाख 97 हजार 2 सौ 48 राशन कार्ड के माध्यम से 20 लाख 18 हजार 2 सौ 90 व्यक्तियों को प्रतिमाह निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। गनरेगा योजना के तहत 33 लाख मानव दिवस सृजित करते हुए 39 हजार 1 सौ 85 परिवारों को रोजगार दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व मुख्यमंत्री आवास  योजना ग्रामीण के तहत पात्र व्यक्तियों को अब तक 19 हजार 23 आवास आवंटित किए गए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 17 हजार 6 सौ 71 महिला स्वयं सहायता समूहों, 96 ग्राम संगठनों और 52 संकुल स्तरीय सघों का गठन करते हुए ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर व विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिससे हमारे जनपद की महिला शक्तियां आत्मनिर्भर व विकासोन्मुखी हो रही हैं. महिला सशक्तिकरण की दिशा में ये कार्य मील का पत्थर है। 
सबको शिक्षा सबको सम्मान मिले इस दिशा में प्रदेश सरकार के कुशल निर्देशन में कार्य कर रही है। बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा परिषदीय विद्यालय के बच्चों को निःशुल्क पुस्तक वितरण एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए निपुण भारत मिशन के तहत विभिन्न संकेतांकों पर नियमित बच्चों को साक्षर बनाया जा रहा है। डिजिटल शिक्षा की दिशा में भी बेसिक शिक्षा विभाग कार्य कर रहा है, परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षा उपलब्ध करायी जा रही है जिससे बच्चों को शैक्षिक सार में गुणात्मक सुधार हो रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी हमारा जनपद आज बेहतर स्थिति में है। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी सेवाए संचालित हो जाने से जनपद के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हो रही है । आज हमारा जनपद स्वास्थ्य के विभिन्न सकेताकों में बेहतर स्थिति में है। आयुष्मान भारत योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों को मिल रहा है, जनपद के 2 लाख 48 हजार 7 सौ 72 परिवारों को आयुष्मान कार्य जारी हो चुका है। विभिन्न सामाजिक योजनाओं के माध्यम से जनपद के वृद्ध, दिव्यांग एवं पात्र लोगों को वृद्धावस्था/दिव्यांग / निराश्रित महिला पेंशन के माध्यम से धनराशि उनके खाते में भेजी जा रही है। इसी तरह युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत रु 5 लाख का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे हमारे युवा विभिन्न रोजगार अपनाकर अपनी और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार ला सकेंगे। मात्र 03 सप्ताह में अभी तक 120 युवाओं को इस योजना के अन्तर्गत रु 06 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत हो चुका है। आइए हम सब इस दिन को संविधान में निहित आदर्श की रक्षा के लिए समर्पित हों। हम सब मिलकर एक समृद्ध और समावेशी भारत बनाने का संकल्प लें जो संविधान के सिद्धांतों का पालन करता हो यही भारत को विश्व गुरु बनाने व हमारे वीर शहीदों के प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
तत्पश्चात पुलिस लाइन में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यालयों के शिक्षकों/बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए विद्यालय के शिक्षकों/शिक्षिकाओं को अध्यक्ष जिला पंचायत  अभय प्रताप सिंह, विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल,  विधायक बिन्दकी  जय कुमार सिंह जैकी,  विधायक अयाह शाह  विकास गुप्ता,  भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल,  पूर्व राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह ने सील्ड/प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी को पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।तत्पश्चात जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में शहीद स्तंभ पर पुष्प चक्र अर्पित का नमन किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी न्यायिक, पुलिस क्षेत्राधिकारी,  जनप्रतिनिधियों सहित संबंधित उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
Popular posts
भाजपा नेता संतोष द्विवेदी, संतोष तिवारी का विशिष्ट मंच पर हुआ जोरदार स्वागत
चित्र
असोथर में युवा किराना व्यापारी की मौत,पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चित्र
आखिरी अमृत स्नान पर दिखा सनातन का विराट रूप, आज से काशी रवाना होंगे शैव अखाड़े*
चित्र
पुलिस चेकिंग के दौरान दो शातिर वाहन चोर हुए गिरफ्तार साथ में चोरी की 6 बाइकें हुई बरामद
चित्र
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन कार्यालय में आयोजित हुआ परिचय पत्र वितरण कार्यक्रम,
चित्र