भाजपा से कल्लू सिंह राजपूत बनाया गया बांदा जिलाध्यक्ष
भाजपा से कल्लू सिंह राजपूत बनाया गया बांदा जिलाध्यक्ष 


बांदा। भाजपा ने रविवार को जिला अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी। जिला अध्यक्ष पद हेतु 94 दावेदारों में भाजपा हाईकमान ने इस बार पिछड़ा वर्ग को तरजीह देते हुए जिला महामंत्री रहे कल्लू सिंह राजपूत को जनपद का जिलाध्यक्ष घोषित किया है। रविवार को पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में जिला चुनाव अधिकारी बाल्मीकि तिवारी ने जैसे ही जिलाध्यक्ष पद पर कल्लू सिंह राजपूत के नाम की घोषणा की वहां बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिंदाबाद, भारत माता की जय, वन्देमातरम के जय घोषों के बीच फूल मालाओं से लाद दिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष को अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट किए। जिला भाजपा कार्यालय के खचाखच भरे सभागार में जिला प्रभारी रामकिशोर साहू ने कहा कि 2045 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने,दासता से मुक्ति तथा विरासत पर गर्व प्रमुख उद्देश्यों को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी दिन रात काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को उन्नति के शिखर पर ले जाने के लिए अपना सुख त्यागना पड़ेगा। "संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो, भला हो जिसमें देश का वह काम सब किए चलो" गीत दोहराते हुए कार्यकर्ताओं को दायित्व बोध कराया। जिला निर्वाचन अधिकारी बाल्मीकि तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक सुदृढ़, सशक्त, समृद्ध, समर्थ एवं स्वावलम्बी भारत के निर्माण हेतु निरंतर सक्रिय है। पार्टी की कल्पना एक ऐसे राष्ट्र की है जो आधुनिक दृष्टिकोण से युक्त एक प्रगतिशील एवं प्रबुद्ध समाज का प्रतिनिधित्व करता हो तथा प्राचीन भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति तथा उसके मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए महान ‘विश्वशक्ति’ एवं ‘विश्व गुरू’ के रूप में विश्व पटल पर स्थापित हो। इसके साथ ही विश्व शांति तथा न्याययुक्त अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को स्थापित करने के लिए विश्व के राष्ट्रों को प्रभावित करने की क्षमता रखे। बैठक की अध्यक्षता कर रहे निवर्तमान जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि भाजपा भारतीय संविधान में निहित मूल्यों तथा सिद्धांतों के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था पर आधारित राज्य को अपना आधार मानती है। पार्टी का लक्ष्य एक ऐसे लोकतान्त्रिक राज्य की स्थापना करना है जिसमें जाति, सम्प्रदाय अथवा लिंगभेद के बिना सभी नागरिकों को राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक न्याय, समान अवसर तथा धार्मिक विश्वास एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित हो
टिप्पणियाँ