लू से पीड़ितों को भर्ती करने का नहीं बनाया वार्ड
*लू से पीड़ितों को भर्ती करने का नहीं बनाया वार्ड*

फतेहपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक सप्ताह पहले ही सभी सरकारी अस्पतालों में लू लगने से बीमार होने वालों के लिए विशेष वार्ड बनाने का आदेश दिया था। इसके बावजूद जिला स्वास्थ्य विभाग ने जनपद के किसी अस्पताल में इसकी व्यवस्था नहीं की है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी का कहना है कि अभी लू नहीं चल रही है। जब चलेगी तो वार्ड बना दिया जाएगा।
सही है कि जिले में फिलहाल अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है और न्यूनतम तापमान भी सामान्य स्तर पर है। लेकिन, पिछले दिनों अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने भी येलो अलर्ट जारी किया था। एक दिन बाद अप्रैल माह शुरू होने वाला है। ऐसे में तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। जिस तेजी से तापमान बढ़ता है उतनी तेजी से वार्ड बनाना आसान नहीं होता है।
पिछले साल जिला अस्पताल में जिस जगह पर लू के मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था बनाई गई थी, वहां पर फिलहाल दूसरे मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। इस वार्ड में कूलर और एसी की व्यवस्था नहीं है। जबकि लू के मरीजों को जिस वार्ड में भर्ती किया जाना है, उसमें एसी का चलना जरूरी होता है। इसके बिना मरीज को राहत नहीं मिलती है। जानकार बताते हैं कि यदि समय से वार्ड नहीं बनाया जाएगा तो मरीज के आने पर इलाज में असुविधा होगी। यह जानलेवा भी हो सकती है।
पिछले साल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लू के रोगियों को भर्ती करने के लिए एक केबिन को वार्ड बनाया गया था। इसमें दो बड़े कूलर लगाए गए थे, जो बिजली रहने पर चलते थे। फिलहाल कूलर वार्ड से गायब हैं। देखने के लिए छह बेड पड़े हैं, लेकिन अन्य कोई व्यवस्था नहीं है। अभी तक अन्य बीमारियों के रोगी भर्ती किए जा रहे हैं।
सामान्य वार्ड में भी भर्ती रोगियों के लिए भी ऐसी-कूलर की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में इसमें भर्ती मरीज परेशान हो रहे हैं। गर्मी की वजह से मरीजों की बीमारी ठीक होने के बजाय बढ़ सकती है। यह जानते हुए भी स्वास्थ्य विभाग कोई व्यवस्था नहीं बना रहा है।
टिप्पणियाँ